अमृतसर-नांदेड़ फ्लाइट पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बड़ी घोषणा, महाराष्ट्र में रैली में बोले-जल्द शुरू होने वाली है नांदेड़ से अमृतसर के लिए फ्लाइट
अमृतसर के लिए महाराष्ट्र के नांदेड़ से जल्द ही उड़ान सेवा शुरू हो सकती है। इस बारे में पीएम मोदी ने खुद महाराष्ट्र के नांदेड़ में रैली को संबोधित करते हुए जानकारी दी। पीएम मोदी ने कहा कि नांदेड़ से दिल्ली और आदमपुर केलिए विमान सेवाएं शुरू हो गई हैं। और जल्द ही हमारे सिख भाइयों को नांदेड़ से अमृतसर तक के लिए फ्लाइट शुरू होने वाली है। हालांक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी यह नहीं बताया कि ये उड़ान सेवा कब तक शुरू होगी। लेकिन पीएम मोदी के इस ऐलान से नांदेड़ से श्रीहरमंदिर साहिब आने वाले सिख श्रद्धालुओं को जरूर सुविधा मिलेगी। और श्रद्धालु कम समय में श्रीहरमंदिर साहिब पहुंच पाएंगे। वहीं अमृतसर से नांदेड़ साहिब जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी ये अच्छी ख़बर है।
आपके लिए यह जानना जरूरी है कि सिख धर्म के दो तख्तों को जोड़ने के लिए ये रूट काफी अहम है। करीब ढाई साल पहले जब इस रूट को बंद किया गया था तो इसका काफी विरोध हुआ था।
दरअसल 2022 में अमृतसर-नांदेड़ फ्लाइट सेवा को बंद कर दिया गया था। हालांकि ऐसा पहली बार नहीं हुआ था इससे पहले 30 सितंबर 2021 को फ्लाइट को बंद कर दिया गया था। जिसके बाद एसजीपीसी और तत्कालीन पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने इसका विरोध किया था। उस समय मुख्यमंत्री चन्नी और एसजीपीसी प्रधान बीबी जागीर कौर ने खुद उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को इस बारे में पत्र लिखा था। विरोध झेलने के बाद 24 नवंबर 2021 को इस उड़ान सेवा को दोबारा शुरू किया गया था लेकिन यह सिर्फ तीन महीने ही चली।
अब जब पीएम मोदी खुद इस उड़ान सेवा के दोबारा शुरू होने का ऐलान कर रहे हैं तो जाहिर है कि सिख संगत में इस बात को लेकर खुशी जरूर होगी।